अमेरिका की दिग्गज ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने भारत को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है। फर्म ने इस रिपोर्ट का टाइटल ‘इंडियाज न्यू इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन’ रखा है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म के अनुसार, भारत में इंडस्ट्रियल ग्रोथ का अगला दौर छह ऐसे सेक्टर से आ सकता है जिन्हें नया निवेश और पॉलिसी सपोर्ट मिल रहा है।
ये सेक्टर हैं – स्पेस, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर मैन्युफैक्चरिंग और एयरोस्पेस। यही 6 सेक्टर 2030 के भारत को पूरी तरह बदल देंगे। 2030 का भारत कुछ और ही होगा। अमेरिकी ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की इस रिपोर्ट को भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी शेयर किया है। अब आइए जानते हैं कि आखिर कौन से 6 सेक्टर 2030 के भारत की पहचान होंगे, जिसके बारे जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है।
ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट में कहा की भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है, जिसके पास स्पेस के क्षेत्र में दुनिया भर में मुकाबला करने लायक क्षमताएं हैं। भारत में प्राइवेट सेक्टर भी अब स्पेस के क्षेत्र में तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार द्वारा 2020 में प्राइवेट कंपनियों के लिए खोल गए दरवाजे का असर दिखने लगा है। 2030 में भारत के स्पेस सेक्टर की अर्थव्यवस्था 5 गुना बढ़ाकर 40 से 45 बिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगी।
जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि भारतीय स्टार्टअप्स शुरुआती इनोवेशन से आगे बढ़कर कमर्शियल काम की ओर बढ़ रहे हैं। इनमें स्काईरूट (जुलाई में ऑर्बिटल लॉन्च), पिक्सेल (हाई-रिज़ॉल्यूशन ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट), अग्निकुल (3D-प्रिंटेड रॉकेट इंजन) और दिगंतरा (सर्विलांस सैटेलाइट) जैसी कंपनियां शामिल हैं।