पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने पूर्व कप्तान और अपने करीबी दोस्त इमरान खान की हेल्थ को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इमरान दोषी हों या नहीं, जेल में हों या बाहर, उनकी सेहत से समझौता नहीं होना चाहिए।
अकरम ने कहा- ‘कानूनी कार्रवाई अपनी जगह है, लेकिन इमरान को सही इलाज मिलना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने तीन साल से इमरान से बात नहीं की है और उन्हें बहुत याद करते हैं।’ अकरम ने ये बातें ‘द एथलेटिक’ को दिए इंटरव्यू में कहीं।
अकरम बोले- इमरान के साथ जो हो रहा, वह दुर्भाग्यपूर्ण
अकरम ने कहा- ‘ उनके साथ जो कुछ हो रहा है, वह राजनीतिक रूप से बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। कानून की अदालत अपना काम करेगी।’
उन्होंने कहा- ‘मैं एक ऐसे दोस्त के तौर पर दिल से बोल रहा हूं, जो एक इंसान के तौर पर उनकी चिंता करता है। हमें उनकी सेहत की सुरक्षा करनी चाहिए। हमें नहीं पता कि क्या हो रहा है। सरकार कह रही है कि उनकी सेहत ठीक है, लेकिन मैं चिंतित हूं।’
इमरान 73 साल के हैं और 2022 से जेल में हैं। उन्हें भ्रष्टाचार के कई मामलों में दोषी ठहराया गया है। हालांकि, इमरान इन आरोपों से इनकार करते हैं।