एपल 9 सितंबर को होने वाले अपने एनुअल इवेंट में स्टैंडर्ड आईफोन 18 लॉन्च नहीं करेगी। इस इवेंट में सिर्फ तीन प्रीमियम डिवाइस आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और कंपनी का पहला फोल्डेबल आईफोन पेश होने की उम्मीद है। इसकी वजह मेमोरी चिप की बढ़ती लागत है।
मार्केट रिसर्च फर्म ट्रेंडफोर्स के मुताबिक, 256GB मेमोरी चिप की कीमत पिछले एक साल में करीब 400% बढ़ चुकी है। 256GB वाले आईफोन 18 प्रो का ओवरऑल मैन्युफैक्चरिंग खर्च पिछले मॉडल आईफोन 17 प्रो के मुकाबले करीब 38% बढ़ गया है।
कंपनीप्रो मॉडल में तो लागत का यह दबाव किसी तरह झेल सकती है, क्योंकि प्रो ग्राहक ज्यादा कीमत चुकाने को तैयार रहते हैं। लेकिन बेस मॉडल में लागत बढ़ने का सीधा असर या तो कंपनी के मुनाफे पर पड़ता या ग्राहकों पर। इसी वजह से एपल ने बेस मॉडल के लॉन्च को टाल दिया है।
- 2025 में 256GB प्रो मॉडल के कुल कंपोनेंट खर्च में मेमोरी का हिस्सा 10% था।
- 2026 में यह 34% हो गया। 2027 तक इसके 40% के पार जाने का अनुमान है।
दो स्टैंडर्ड आईफोन के बीच 18 महीने का गैप
एपल हर साल सितंबर में नया बेस आईफोन पेश करता है, लेकिन इस बार आईफोन 18 के लिए 2027 की शुरुआत तक इंतजार करना होगा। ऐसे में दो बेस मॉडल्स के बीच करीब डेढ़ साल का फर्क आ जाएगा। एपल के इतिहास में यह अब तक का सबसे लंबा इंतजार होगा।
कौन-से प्रोडक्ट्स 9 सितंबर के इवेंट से बाहर रहेंगे?
एपल इवेंट का फोकस सिर्फ फोल्डेबल फोन और प्रो मॉडल्स पर रखना चाहता है, ताकि ध्यान न भटके। इसलिए कई डिवाइसेज को बाद के महीनों के लिए रोका जा सकता है:
- 2027 के लिए टले: आईफोन 18, आईफोन 18e और सेकंड जनरेशन आईफोन एयर।
- अक्टूबर-नवंबर आ सकते हैं: आईपैड मिनी, अपडेटेड एपल टीवी, होमपॉड मिनी।
- मैक लाइनअप: M6 चिप वाला 14-इंच मैकबुक प्रो, नए रीडिजाइन किए गए 14 और 16-इंच मैकबुक प्रो, M6 वाला 24-इंच आईमैक 2027 की शुरुआत में आ सकते हैं।
नए सीईओ जॉन टर्नस के दौर का पहला कीनोट
इस इवेंट की सबसे बड़ी खास बात लीडरशिप में बदलाव है। लंबे समय से एपल के सीईओ रहे टिम कुक 1 सितंबर को पद छोड़ चुके हैं। उनकी जगह हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जॉन टर्नस नए सीईओ का पद संभाल रहे हैं। सीईओ बनने के बाद टर्नस का यह पहला कीनोट होगा, जिसे देखने के लिए पूरी दुनिया की नजरें ऐपल पार्क पर टिकी होंगी।