बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने कहा कि कमलनाथ ने मध्य प्रदेश में ‘पूरी तरह से भ्रष्ट’ सरकार चलाई. जिस तरह से उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में विधायकों और लोगों से ‘चलो, चलो’ कहा क्योंकि उनके पास समय नहीं था. तो लोगों ने भी उन्हें सीएम की कुर्सी से ‘चलो चलो’ कहा. अपने चुनाव अभियान के दौरान एक इंटरव्यू में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने News18 से यह भी कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी का कोई लालच नहीं है. उन्होंने राज्य को बदलने का श्रेय सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) को दिया. सिंधिया ने News18 से कहा कि ‘आज हम मध्य प्रदेश में जहां हैं, उसका 80 या 90 प्रतिशत कारण चौहान हैं. उन्होंने राज्य को बदल दिया है.’
सिंधिया ने उन सुझावों को भी खारिज कर दिया कि शिवराज सिंह चौहान को दरकिनार कर दिया गया है. सिंधिया ने कहा कि ‘आपको शिवराज सिंह चौहान कहां नहीं दिखते? वह प्रतिदिन कई रैलियों के साथ सबसे कठिन प्रचार कर रहे हैं. यह भाजपा की एक समग्र टीम है, जो चुनाव लड़ रही है.’ राज्यसभा सांसद सिंधिया संसद में अपने सात अन्य भाजपा सहयोगियों के विपरीत विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं. 2018 के चुनावों में कांग्रेस के लिए इनमें से 26 सीटें जीतने के बाद अपने गढ़ ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की 34 सीटें जीतने की कठिन जिम्मेदारी सिंधिया के कंधों पर है. बाद में अपने वफादार विधायकों के इस्तीफा देने के बाद सिंधिया ने कमलनाथ सरकार गिरा दी. सिंधिया ने 2020 में नाथ सरकार को गिराने के कारण के बारे में कहा कि ‘जो कोई जानबूझकर और साफ तौर से ली गई प्रतिज्ञाओं का उल्लंघन करता है और वादा-खिलाफी करता है, वह मेरे लिए अस्वीकार्य है.’
आपने आरोप लगाया कि कमल नाथ ने आपसे फर्जी कर्जमाफी प्रमाणपत्र बंटवाए और आप कांग्रेस के लिए ‘काला कौआ’ साबित हुए?
नाथ ने किसका कर्ज माफ किया? मैं अपनी सार्वजनिक बैठकों में पूछता हूं कि किसका कृषि कर्ज माफ हुआ…कोई हां नहीं कहता. फर्जी सर्टिफिकेट बांटने से कर्ज माफ नहीं होता. जब तक आप सहकारी बैंकों में किसान की राशि का भुगतान नहीं करेंगे तो कैसे काम होगा? आपने प्रमाण पत्र तो बांट दिये लेकिन कर्ज माफ नहीं हुआ. अंततः मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज सिंह चौहान ने कर्ज माफ कर दिया. उन्होंने सहकारी बैंकों में सीधे उनके कर्ज खातों में पैसा देकर 12 लाख किसानों के 2,500 करोड़ रुपये माफ कर दिए.
आपकी पार्टी कमल नाथ को ‘भ्रष्टाचार नाथ’ कह रही है…
कमल नाथ पूरी तरह से भ्रष्ट सरकार चलाते हैं. यह 3सी की सरकार थी- कट, कमीशन और करप्शन. सीएम के रूप में कमलनाथ हमेशा सांसदों और मंत्रियों और यहां तक कि जनता से ‘चलो चलो’ कहते थे. कहते थे कि उनके पास समय नहीं है- तो जनता ने भी उनको कह दिया, चलो चलो.
कमलनाथ कहते हैं ‘क्या कसूर था मेरा कि मेरी सरकार गिर गई’…
मैं यह नहीं कहना चाहता कि मैंने सही काम किया या नहीं, लेकिन मेरे बयानों पर जनता की प्रतिक्रिया देखिये. जो कोई जानबूझकर और साफ तौर से अपने द्वारा ली गई प्रतिज्ञाओं का उल्लंघन करता है और वादा-खिलाफी करता है, वह मेरे लिए अस्वीकार्य है. 2003 तक दिग्विजय सिंह के शासन में मध्य प्रदेश में कोई विकास नहीं हुआ. 2018 में कमलनाथ ने जो किया वह बीमारू मध्य प्रदेश से बेहाल मध्य प्रदेश की यात्रा पर रोक लगाने का था.