27 सितंबर को रविवार के दिन भी बैंक खुले रहेंगे:देशभर में 3 दिन की हड़ताल से पहले सरकार का फैसला; RBI ने दी मंजूरी

देशभर में सभी बैंक इस हफ्ते रविवार को भी खुले रहेंगे। वित्त मंत्रालय ने जानकारी दी है कि RBI ने 27 सितंबर को देश की सभी बैंक शाखाओं, दफ्तरों और एटीएम-लिंक ब्रांचों समेत सभी सर्विसेज को पूरी तरह चालू रखने की मंजूरी दी है।

यह कदम यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU की 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए उठाया गया है।

हड़ताल से ठीक पहले 26 सितंबर (शनिवार) और 27 सितंबर (रविवार) को वीकेंड की छुट्टियां पड़ रही थीं। ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सर्विसेज बाधित होने का खतरा बना हुआ था। सरकार ने नागरिकों की बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

रविवार को बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे

वित्त मंत्रालय ने कहा कि जनता की जरूरी बैंकिंग जरूरतों पर लंबे समय तक असर न पड़े, इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर को सामान्य रूप से काम करेंगे।

रिजर्व बैंक ने सभी शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक ब्रांचों और करेंसी चेस्ट्स को इस दिन पूरी तरह चालू रखने की मंजूरी दी है।

सरकार की यूनियनों से हड़ताल टालने की अपील

सरकार ने कहा कि बैंक ग्राहकों को सुविधा देना हमारी प्राथमिकता है। सरकार और बैंक प्रबंधनों ने बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने की अपील की है।

इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं कि आवश्यक बैंकिंग सर्विसेज बिना किसी रुकावट के जारी रहें।

यूनियंस ने कहा था- हड़ताल टालने के मूड में नहीं

एक दिन पहले UFBU ने कहा था कि वह हड़ताल टालने के मूड में नहीं है। देश भर के बैंक कर्मचारी 28, 29 और 30 सितंबर को 3 दिन की देशव्यापी हड़ताल करेंगे।

22 सितंबर को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और वित्त मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS) के साथ हुई सुलह वार्ता बेनतीजा रही, जिसके बाद यूनियंस ने यह फैसला लिया।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *