2027 एशेज खेलने पर स्टीव स्मिथ बोले- अभी बहुत दूर:इस पर वादा नहीं कर सकता; 2028 ओलिंपिक खेलने की इच्छा जताई

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर स्टीव स्मिथ ने अगली एशेज सीरीज तक टेस्ट क्रिकेट खेलने की गारंटी नहीं दी है। उन्होंने कहा- ‘मुझे अभी पता भी नहीं है कि मैं तब वहां रहूंगा या नहीं। मैं सीरीज-दर-सीरीज आगे बढ़ रहा हूं। वह समय अभी काफी दूर है।’

स्मिथ ने यह बात डबलिन में एम्सटर्डम फ्लेम्स के लिए यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग खेलते हुए कही। हालांकि स्मिथ 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना चाहते हैं। इसके लिए वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल रहे हैं।

स्मिथ के लिए इंग्लैंड में एशेज सीरीज जीतने वाली टीम का हिस्सा बनना अभी भी सपना है। ऑस्ट्रेलिया ने 2019 और 2023 की सीरीज 2-2 से ड्रॉ होने के बाद एशेज अपने पास रखी थी। लेकिन इंग्लैंड की धरती पर उसकी पिछली सीरीज जीत 2001 में आई थी।

स्मिथ ने कहा- ‘मैं इंग्लैंड में एशेज जीतना जरूर पसंद करूंगा। लेकिन देखते हैं कि यह कब पूरा होता है।’

स्मिथ ने एशेज में खेले 41 मैचों में 13 शतकों की मदद से 3703 रन बनाए हैं। वे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सिर्फ डॉन ब्रैडमैन से पीछे हैं। ब्रैडमैन ने 37 टेस्ट में 19 शतकों के साथ 5028 रन बनाए थे।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *