मोदी की ऐतिहासिक गलती, कश्मीरियों के पास आजादी का मौका : इमरान


जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के भारत सरकार के फैसले से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। जम्मू-कश्मीर को 2 भागों में बांटे जाने के भारत सरकार के फैसले के बाद पहली बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार की शाम करीब 6 बजे कश्मीर मुद्दे पर राष्ट्र को संबोधित किया। इस संबोधन में उन्होंने भड़काऊ बातें कही।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि कश्मीर पर मुस्लिम देश हमारे साथ हैं। कश्मीर को आजाद कराने तक वे साथ हैं। इमरान ने एक बार फिर परमाणु युद्ध की धमकी देते हुए कहा कि कश्मीर पर हम किसी भी हद तक जाएंगे। हमने कश्मीर मामले का अंतरराष्ट्रीयकरण किया है। इमरान ने कहा कि भारत ने हमें दिवालिया करने की कोशिश की है।

इमरान ने कहा कि नरेन्द्र मोदी भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। आरएसएस को भारत के मुसलमानों से नफरत है। भारत में मुसलमानों को दबाया जा रहा है। आरएसएस कहता है कि हिन्दुस्तान सिर्फ हिन्दुओं का है।

दोनों देशों के पास परमाणु बम हैं। परमाणु युद्ध हुआ तो कोई नहीं बचेगा। हम कश्मीर का मसला बातचीत से हल करना चाहते हैं। इमरान ने कहा कि पीओके में ऑपरेशन कर सकता है भारत। पीओके में हम भारत से लड़ने के लिए तैयार हैं।

इमरान ने कहा कि कश्मीर पर अब फैसले का वक्त आ गया है। कश्मीर पर भारत से बात की तो उसने आतंकवाद का आरोप लगा दिया। कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाकर भारत ने बहुत बड़ी गलती की है। भारत हम पर आतंकवाद फैलाने का आरोप लगाने का मौका ढूंढता रहता है।

इमरान ने कहा कि मैंने भारत से कहा था कि कश्मीर मामले का हल बातचीत से निकले, लेकिन हमें मुद्दे मिलते रहे। जब भी हम कश्मीर पर बात करना चाहते थे, वे आतंकवाद पर बोलते रहे। इसके बाद भारत में चुनाव आए और हमने उनके पाकिस्तान विरोधी अभियानों को देखा।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *