मप्र का राजनीतिक व्यक्ति बिकाऊ नहीं : कमलनाथ


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर शुक्रवार को पहली बार सार्वजनिक तौर पर बयान दिया और कहा कि मध्य प्रदेश का कोई भी राजनीतिक व्यक्ति बिकाऊ नहीं है।

राजधानी की बिट्टन मार्केट में शुक्रवार को आयोजित यादव महासभा के सम्मेलन में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, “राजनीति में भी कोई भी दल हो, सबके सिद्घांत होने चाहिए। वर्तमान में देश की राजनीति में गिरावट आई है। आज हमें रक्षा करनी है कि राजनीति में गिरावट न आए, क्योंकि राजनीति में जब गिरावट आती है तो समझा जा सकता है गिरावट के मायने क्या हैं।”

उन्होंने कहा, “सब सोचते हैं कि राजनीतिक व्यक्ति बिकाऊ हैं। सब सोचते हैं कि ये दब जाते हैं। सबको कहना चाहिए कि मध्य प्रदेश में जो राजनीतिक व्यक्ति हैं, वे बिकाऊ नहीं हैं। इतना ही नहीं, सभी को बता देना चाहिए कि हम सिद्घांतों और सेवा की राजनीति करते हैं।”

राज्य के ताजा घटनाक्रम की तरफ इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं ज्यादा नहीं कहना चाहता हूं, बस हमें ऐसी पहचान बनानी है कि हमें गर्व हो, ताकि हम गर्व से कह सकें कि हम मध्य प्रदेश से हैं। यही हमारा लक्ष्य है।”

उन्होंने कहा, “हमें यह तय करना होगा कि क्या हमारी पहचान भोपाल गैस ट्रैजडी से होगी। माफियाराज से होगी या ऐसी राजनीति (खरीद-फरोख्त) से होगी। हमें ऐसी राजनीति से दूर रहना होगा।”

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *