पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को संकेत दिया कि मौजूदा वर्ल्ड कप में अगर पाकिस्तानी टीम नाकाम रहती है, तो बाबर आजम को कप्तानी गंवानी पड़ सकती है. पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में बने रहने के लिए शुक्रवार को चेन्नई में होने वाले अहम मैच में साउथ अफ्रीका को हर हालत में हराना होगा. इसमें हारने पर सेमीफाइनल में प्रवेश की उसकी सारी उम्मीदें खत्म हो जाएंगी. टीम ने अब तक खेले 5 में से सिर्फ 2 ही मैच जीत सकी है. टीम ने हार की हैट्रिक लगा दी है. पहले उसे टीम इंडिया के खिलाफ हार मिली. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान ने भी पाक को मात दी.
पीसीबी ने एक बयान में कहा, कप्तान बाबर आजम और टीम मैनेजमेंट की मीडिया में हो रही आलोचना को लेकर बोर्ड के रवैए का जहां तक सवाल है, तो हम पूर्व क्रिकेटरों से सहमत हैं कि कामयाबी और नाकामी खेल का हिस्सा हैं. कप्तान बाबर आजम और चीफ सेलेक्टर इंजमाम उल हक को आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के लिए टीम तैयार करने की पूरी आजादी दी गई थी. बयान में आगे कहा गया कि वर्ल्ड कप में टीम के प्रदर्शन को देखते हुए आगे बोर्ड वही फैसले लेगा, जो पाकिस्तान क्रिकेट के हित में है. इस समय पीसीबी प्रशंसकों, पूर्व खिलाड़ियों और संबंधित पक्षों से टीम के साथ खड़े रहने का आग्रह करता है.
सिर्फ टेस्ट के कप्तान रहेंगे
लगातार तीन हार झेल चुकी पाकिस्तान के 5 मैचों में 4 अंक हैं. अफगानिस्तान से 8 विकेट से मिली हार के बाद बाबर आजम को कप्तानी से हटाने की मांग जोर पकड़ रही है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया कि पाकिस्तान अगर बाकी सारे मैच जीतकर वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में जगह बनाता है, तो ही बाबर की कप्तानी बच सकेगी. इसके बावजूद भी उसे सिर्फ टेस्ट कप्तान बनाए रखा जा सकता है.