
पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली को ख़राब स्वास्थ्य के कारण नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है.
एम्स ने बयान जारी कर बताया है कि अरुण जेटली को आज सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अभी उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है.
एम्स ने बताया है कि उनका इलाज विभिन्न विभाग के डॉक्टरों की एक टीम कर रही है. साथ ही एम्स ने बताया है कि उनकी हालत अभी ‘हीमोडायनैमिकली स्टेबल’ है.
‘हीमोडायनैमिकली स्टेबल’ होने का मतलब है कि दिल उतनी ऊर्जा पैदा कर पा रहा है कि वह ख़ून को धमनियों में सही ढंग से भेज सके. इससे ख़ून का प्रवाह सही रहता है और शरीर के अंगों तक ऑक्सिजन पहुंचती रहती है.