दूरदर्शन की एंकर नीलम शर्मा नहीं रहीं


दूरदर्शन की मशहूर ऐंकर नीलम शर्मा का निधन हो गया है। दूरदर्शन ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर नीलम के निधन की सूचना दी है। नीलम दूरदर्शन का एक जानामाना चेहरा थीं। नीलम के निधन पर दूरदर्शन ने शोक जताया है। बताया जा रहा है कि नीलम शर्मा कैंसर से पीड़ित थीं। वह अपने पीछे पति और 15 वर्षीय बेटे को छोड़ गई हैं।

वह पिछले 20 वर्षों से दूरदर्शन से जुड़ी हुई थीं। नीलम को मार्च में ही ‘नारी शक्ति’ सम्मान मिला था। नीलम को इसके अलावा भी कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका था। नीलम ने अपने 20 साल के करियर में ‘तेजस्विनी’ से लेकर ‘बड़ी चर्चा’ जैसे कई लोकप्रिय कार्यक्रमों का संचालन किया। नीलम ने 1995 में दूरदर्शन से करियर की शुरुआत की थी।

नीलम शर्मा के निधन पर प्रसार भारती के चेयरमैन ए. सूर्य प्रकाश ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘यह सुनकर सदमे में हूं कि दूरदर्शन की मशहूर ऐंकर नीलम शर्मा नहीं रहीं। वह सच में ‘नारी शक्ति’ की प्रतीक थीं, जिसका सम्मान उन्हें राष्ट्रपति के हाथों मिला था। हमने अपनी तेजस्विनी को खो दिया है।’

शर्मा के निधन पर शोक जताते हुए प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर वेंपति ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘अभी-अभी डीडी न्यूज की ऐंकर नीलम शर्मा के निधन की दुखद खबर मिली, जिन्हें हाल ही में नारी शक्ति सम्मान मिला था। उनके परिवार के प्रति पूरे प्रसार भारती परिवार की तरफ से संवेदना।’

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *