दिल्ली में ‘जहरीली हवा’ पर गर्मायी सियासत, AAP ने हरियाणा पर मढ़ा दोष, कहा- काफी दूर है पंजाब

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की खराब हो चुकी आबोहवा को लेकर राजनीति शुरू हो चुकी है. एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है. इस बीच आज आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की खराब हवा के लिए हरियाणा को जिम्मेदार ठहराया है. आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को राज्य की राष्ट्रीय राजधानी से निकटता का हवाला देते हुए दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण संकट के लिए हरियाणा को दोषी ठहराने की मांग की. आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने 2014 के बाद से मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा प्रदूषण को रोकने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की मांग की.

प्रियंका कक्कड़ ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा, “पंजाब दिल्ली से 500 किलोमीटर दूर है. जबकि हरियाणा केवल 100 किलोमीटर दूर है. ऐसे में हरियाणा में जलाई जाने वाली पराली के चलते दिल्ली की एयर क्वालिटी खराब हुई है. 2014 के बाद से हरियाणा में खट्टर सरकार द्वारा उठाए गए प्रदूषण विरोधी उपायों को लेकर एक समीक्षा करनी चाहिए. ” आप प्रवक्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली में वायु प्रदूषण में 31 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी.

उन्होंने कहा, ‘आर्थिक सर्वेक्षण 2022-23 में केंद्र सरकार ने भी माना था कि दिल्ली में हवा की गुणवत्ता पिछले आठ वर्षों में सबसे अच्छी रही है. सीएक्यूएम डेटा से यह भी पता चलता है कि पंजाब में पराली जलाने में 50-67 प्रतिशत की कमी आई है.’ इसके अलावा प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि हरियाणा में प्रदूषण करने वालीं बीएस-3 बसें दिल्ली आती हैं. हरियाणा में लंबे समय के लिए बिजली कटती है, जिसके चलते लोग डिजल जनरेटर का इस्तेमाल करते हैं और इससे भी प्रदूषण होता है. वहीं हरियाणा में डंपिंग ग्राउंड नहीं हैं. जबकि पंजाब में 9 बनाए गए हैं.

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *