भारतीय क्रिकेट टीम का आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 (ICC Cricket World Cup) में धमाकेदार प्रदर्शन जारी है. रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने श्रीलंका (IND vs SL) को 302 रन से रौंदकर इस विश्व कप में लगातार 7वीं जीत दर्ज की. इस जीत से भारत विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर गया है. बल्लेबाजी में जहां शुभमन गिल, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने कमाल किया वहीं गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने धमाल मचाया. भारत की ओर से रखे गए 358 रन के लक्ष्य के सामने श्रीलंका की टीम 19.4 ओवर में 55 रन पर ढेर हो गई. तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए वहीं मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट निकाले. शमी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही
भारत की ओर से रखे गए 358 रन के विशाल लक्ष्य के सामने श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही. लंका की टीम 3 रन के कुल स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी. जसप्रीत बुमराह ने श्रीलंका की पारी के पहले ओवर की पहली गेंद पर ओपनर पथुम निसंका को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद मोहम्मद सिराज का जादू चला. सिराज ने अपने शुरुआत 7 गेंदों पर बिना कोई रन दिए 3 विकेट निकाले. उन्होंने दिमुथ करुणारत्ने को एलीडब्ल्यू आउट कर श्रीलंका को दूसरा झटका झटका.
लंका के दोनों ओपनर खाता भी नहीं खोल सके. आलम यह था कि श्रीलंका ने 3 के कुल स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए थे. सिराज ने सदीरा समरविक्रमा को भी खाता नहीं खोलने दिया. कप्तान कुसल मेंडिस को सिराज ने बोल्ड किया वहीं चरित असलंका को शमी ने जडेजा के हाथों लपकवाया. दुशन हेमंता को शमी ने राहुल के हाथों कैच कराया. शमी ने चमीरा को शून्य के निजी स्कोर पर राहुल के हाथों कैच कराया.