
केरल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कोर कमेटी रविवार को बैठक के दौरान राज्य के नए पार्टी अध्यक्ष पर सर्वसम्मति बनाने में नाकाम रही। पी. एस. श्रीधरन पिल्लई के बाद राज्य भाजपा उनका उत्तराधिकारी खोजने में असफल रही है। पिल्लई को अक्टूबर में मिजोरम का राज्यपाल बनाया गया।
सूत्रों के अनुसार, रविवार की बैठक में तीन नामों के. सुरेंद्रन, एम. टी. रमेश और सोभा सुरेंद्रन पर चर्चा की गई। वे सभी 50 साल से कम आयु के हैं।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय संगठन सचिव बी.एल.संतोष ने की।
सुरेंद्रन को केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी.मुरलीधरन के गुट का समर्थन है, जबकि रमेश को पूर्व राज्य भाजपा प्रमुख पी.के.कृष्णदास का समर्थन है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व केरल में भाजपा के एकमात्र विधायक ओ.राजागोपाल, सोभा सुरेंद्रन को नए अध्यक्ष के तौर पर चाहते हैं।
पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व गतिरोध को समाप्त करना चाहता है और इस महीने के अंत में या जनवरी की शुरुआत में नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा करने की उम्मीद है।