
देशभर में करीब डेढ़ लाख उप स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य केंद्रो में तब्दील किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को यह जानकारी संसद में दी गई। लोकसभा में एक प्रश्न का जवाब देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्वनी कुमार चौबे ने कहा, “स्वास्थ्य मंत्रालय डेढ़ लाख उप स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में तब्दील करने जा रहा है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि ये केंद्र आयुषमान भारत के अंतर्गत आ सकें और अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ मिल सके।”
अश्वनी कुमार चौबे ने बताया “उप स्थास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान भारत के अंर्तगत तब्दील करने का कार्य दिसंबर 2022 तक पूरा कर लिया जाएगा।” स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने संसद को लिखित जवाब के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल आयुष्मान भारत के अंर्तगत विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में 29 हजार 414 स्वास्थ्य सेंटर कार्य कर रहे हैं।
स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने लोकसभा में बताया कि आयुष्मान भारत के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं।
मंत्री ने लोकसभा को बताया कि जहां देशभर में 29 हजार से अधिक स्वास्थ्य केंद्र आयुष्मान भारत के अंर्तगत स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में अभी तक किस भी श्रेणी में आयुष्मान भारत का कोई स्वास्थ्य केंद्र स्थापित नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार ने अभी तक राजधानी में आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं किया है।
स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्वनी चौबे के मुताबिक दिल्ली के अलावा लक्ष्यद्वीप और लद्दाख में भी आयुष्मान भारत के अंतर्गत कोई स्वास्थ्य केंद्र स्थापित नहीं किया गया है। चौबे ने लोकसभा को बताया कि जन स्वास्थ्य व अस्पताल राज्य सरकार का विषय है। राज्य विभिन्न संसाधनों व योजनाओं के आधार पर अपने अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हैं।