आते ही मानसून ने मचाई तबाही, हिमाचल में बाढ़, दिल्ली-मुंबई सहित इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

देश के कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राष्ट्रीय राजधानी जैसे राज्यों में पहुंच गया है। दस्तक देते ही मानसून ने कई राज्यों में तबाही मचाई है। रविवार को भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ पर जलभराव हो गया। हरियाणा-मुंबई के कई हिस्सो में जलभराव से लोगों को काफी परेशानी हुई, वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और भूस्खलन से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

कई राज्यों में मानसून ने दी है दस्तक

आईएमडी के एक अधिकारी के अनुसार, मानसून भारत के कई हिस्सों में पहुंच चुका है, जिसमें महाराष्ट्र के कुछ हिस्से, संपूर्ण कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्से और हरियाणा के कुछ हिस्से शामिल हैं।

मौसम विभाग ने देश के विभिन्न हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों के लिए मौसम कार्यालय द्वारा जारी ‘ऑरेंज अलर्ट’ के बीच कहा गया है कि इन जगहों पर भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

उत्तराखंड-हिमाचल में बारिश से तबाही

रविवार को उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिससे बारिश से संबंधित घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थिति की समीक्षा करने के लिए यहां आपदा नियंत्रण कक्ष का दौरा किया और चार धाम तीर्थयात्रियों को मौसम की जानकारी लेने के बाद ही अपनी यात्रा पर आगे बढ़ने की सलाह दी।

हिमाचल प्रदेश के बागी और मंडी समेत कई इलाकों में लगातार बारिश और बादल फटने से बाढ़ आ गई है। लगातार हो रही बारिश के बाद मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो  गया है। रविवार को मंडी जिला पुलिस ने एक सार्वजनिक सूचना में ये घोषणा की थी।

पिछले 24 घंटों में, मंडी में व्यापक क्षति हुई है, जिले के जंझेली में अचानक आई बाढ़ में कई वाहन बह गए। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण मंडी से होकर बहने वाली ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इस दौरान मंडी में 64.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *