राजस्थान: गहलोत ने उपराष्ट्रपति के दौरों को लेकर उठाया सवाल, बीजेपी भड़की, सियासत गरमाई

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के राजस्थान के लगातार दौरों पर सवाल उठाते हुए बड़ा बयान दिया है. गहलोत के इस बयान को लेकर बीजेपी भड़क उठी है. इससे एक बार फिर सूबे की सियासत गरमा गई है. सीएम गहलोत ने बुधवार को जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उपराष्ट्रपति अप डाउन कर रहे हैं. आज वो पांच जगहों का दौरा करेंगे. गहलोत ने कहा कि उपराष्ट्रपति अभी रोज सुबह शाम आ रहे हैं और दौरे कर रहे हैं. इसका कोई तुक नहीं है. यहां चुनाव चल रहे हैं.

गहलोत ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का मान सम्मान रहना चाहिए. चाहे गवर्नर साहब हों या उपराष्ट्रपति हम उनका सम्मान करते हैं. इसके साथ ही गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री राजस्थान में डेरा डाल रहे हैं क्योंकि उनके पास दिल्ली में काम ही नहीं है. गहलोत के इस बयान के बाद बीजेपी भड़क उठी और वॉक युद्ध शुरू हो गया. बीजेपी ने गहलोत के बयान पर पलटवार किया है.

प्रहलाद जोशी बोले- उपराष्ट्रपति बीजेपी के किसी सम्मेलन में नहीं आए हैं
राजस्थान बीजेपी के चुनाव प्रभारी एवं केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने बीकानेर में गहलोत के बयान को लेकर कहा कि उपराष्ट्रपति बीजेपी के किसी सम्मेलन में नहीं आए हैं. वे संवैधानिक पद पर हैं जहां उनका कार्यक्रम तय हो वहां वे जाते हैं. उन्होंने कहा कि सीएम गहलोत की अनर्गल टिप्पणी करने की आदत हो गई है. वहीं केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने ट्वीट कर कहा कि अशोक गहलोत जी हार से डरे हुए हैं. उन्हें उपराष्ट्रपति का राज्य में आगमन भी खटक रहा है. केंद्र से तो वैसे ही उन्होंने तकरीबन सारे संबंध काट लिए हैं.

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने सीएम गहलोत पर लगाए आरोप
शेखावत ने कहा कि उनके वश में हो तो वे केंद्रीय मंत्रियों के आने पर बैन लगा दें. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें तो बाड़ेबंदी की आदत है. एक मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप गहलोत जी बहुत हल्की बातें करते हैं. वहीं बीजेपी नेता ज्ञानदेव आहूजा ने कहा कि उपराष्ट्रपति राजस्थान के हैं. वे यहां आएंगे क्यों नहीं? उल्लेखनीय है कि राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. चुनावों को लेकर सूबे में राजनीतिक सरगर्मियां जोरों पर चल रही है. दिल्ली से नेताओं का राजधानी जयपुर और अन्य जगहों पर आने जाने का सिलसला तेज हो गया है.

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *